कवर्धा महिला थाना वायरल वीडियो का सच? पीड़िता ने बताई पूरी कहानी, थाना प्रभारी पर लगाए मारपीट के आरोपों को बताया गलत
कवर्धा। महिला थाना का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें थाना प्रभारी पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए वीडियो बनाया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, अब इस मामले में शिकायत से जुड़ी पीड़िता ने सामने आकर पूरे घटनाक्रम को लेकर अपना पक्ष बताया है। जानकारी के मुताबिक, पप्पू ठाकुर नामक व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म से जुड़ा मामला दर्ज किया गया है। इसी मामले में कार्रवाई से बचाव के लिए उसके परिवार की ओर से महिला थाना पहुंचकर हंगामा किए जाने और वीडियो बनाए जाने की बात सामने आई है। वायरल वीडियो में थाना प्रभारी पर मारपीट का आरोप लगाया जाता दिखाई दे रहा है। वहीं वीडियो के दूसरे हिस्से में थाना प्रभारी लोगों को समझाइश देते हुए और वीडियो बनाने से मना करते हुए नजर आ रहे हैं। पीड़िता का कहना है कि थाना प्रभारी द्वारा उसके सामने किसी तरह की मारपीट नहीं की गई। पीड़िता के मुताबिक, वायरल वीडियो में लगाए जा रहे मारपीट के आरोप सही नहीं हैं और पूरे घटनाक्रम को अलग तरीके से प्रस्तुत किया गया है।इस पूरे मामले ने एक और सवाल खड़ा किया है कि पुलिस थाने के अंदर चल रही कार्रवाई और समझाइश के दौरान लगातार वीडियो बनाए जाने से पुलिस की कार्यप्रणाली प्रभावित होती है या नहीं। हालांकि, वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के दावों की स्वतंत्र पुष्टि किया जाना अभी बाकी है। अब सवाल यह है कि महिला थाना में आखिर उस दिन पूरा घटनाक्रम क्या हुआ था? वायरल वीडियो में दिख रहा सच कितना पूरा है और कितना अधूरा? पीड़िता के बयान के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
